Central Samvad रायपुर, 08 अक्टूबर 2026
बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और संरक्षण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की पहल को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन-सह-चिंतन शिविर में सराहना मिली। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सुषमा स्वराज भवन, चाणक्यपुरी में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया।

सम्मेलन में देशभर के महिला एवं बाल विकास मंत्री और विभागीय सचिव शामिल हुए। इस दौरान आंगनबाड़ी सेवाओं में सुधार, मिशन वात्सल्य, महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर राज्यों के अनुभव साझा किए जा रहे हैं।

सम्मेलन के पहले सत्र में छत्तीसगढ़ के ‘वजन त्यौहार’ की विशेष रूप से सराहना की गई। इस पहल के माध्यम से बच्चों के वजन और पोषण की स्थिति की निगरानी के साथ परिवारों और समुदाय को जागरूक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों की नियमित वृद्धि पर नजर रखने और कुपोषण कम करने में जनभागीदारी बढ़ाना है।

छत्तीसगढ़ के बाल गृहों में बच्चों के लिए तैयार स्वास्थ्य प्लान और साप्ताहिक आहार चार्ट को भी राष्ट्रीय मंच पर सराहना मिली। इन व्यवस्थाओं के जरिए बच्चों की स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जरूरतों के अनुसार उनकी देखभाल को बेहतर और व्यवस्थित करने का प्रयास किया गया है।

सम्मेलन के दूसरे दिन 9 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। सम्मेलन में महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को और प्रभावी बनाने तथा राज्यों की अच्छी पहलों को साझा करने पर चर्चा जारी रहेगी।


