Central Samvad रायपुर, 08 अक्टूबर 2026
राज्य में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने सामान्य प्रशासन, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से रिक्त पदों, आरक्षण, परिसीमन और आवश्यक मानव संसाधन की जानकारी ली।

आयोग द्वारा स्थानीय निकायों के निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा।पंचायत निर्वाचन के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरिया और कोंडागांव जिलों की 9 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 126 पंच पदों के लिए आम निर्वाचन प्रस्तावित है।
इसके अलावा जनपद पंचायत सदस्य के एक, सरपंच के 92 और पंच के 721 रिक्त पदों के लिए उपनिर्वाचन कराया जाना है।नगरीय निकायों में नवगठित नगर पंचायत तमनार और नगर पंचायत बड़ी करेली सहित 15 नगरीय निकायों में आम निर्वाचन प्रस्तावित है। इनमें भिलाई-चरौदा, रिसाली, जामुल और बिरगांव नगर निकाय भी शामिल हैं।
इसके साथ ही नगर पंचायत बिलाईगढ़ के अध्यक्ष पद और विभिन्न निकायों के 6 वार्ड पार्षद पदों के लिए उपनिर्वाचन कराया जाना है।राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को निर्वाचन की तैयारियां आपसी समन्वय से समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। आयोग का उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू निर्वाचन सुनिश्चित करना है।

