Central Samvad रायपुर, 04 नवंबर 2026
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने चार वर्ष की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा का अवसर देने की मंजूरी दी है। नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि अग्निवीरों के पहले बैच का चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने वाला है।

उनके सेवा प्रदर्शन के मूल्यांकन के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। योजना के अनुसार, 25 प्रतिशत अग्निवीरों को योग्यता के आधार पर नियमित सशस्त्र बलों में शामिल किया जाएगा, जबकि शेष 75 प्रतिशत को दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा का अवसर मिलेगा।जनरल राजा सुब्रमणि ने बताया कि अतिरिक्त सेवा अवधि पूरी होने के बाद सशस्त्र बलों में बने रहने के इच्छुक अग्निवीरों को सेना में शामिल किया जाएगा।
इस दौरान उन्हें पहले की तुलना में अधिक पारिश्रमिक भी मिलेगा।उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना 14 जून 2022 को शुरू की गई थी। इसके तहत अग्निवीरों के प्रदर्शन का लगातार मूल्यांकन और योजना की समय-समय पर समीक्षा करने का प्रावधान किया गया था। योजना के तहत अब देश के लगभग सभी जिलों से भर्ती हो रही है। भर्ती प्रक्रिया को भी अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाया गया है।

