सरकार ने कामगारों और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को जरूरी सलाह जारी की
@centralsamvad
रायपुर/नई दिल्ली, 28 अप्रैल 2026/ बढ़ते तापमान और लू के असर को देखते हुए केंद्र सरकार ने कामगारों और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को जरूरी सलाह जारी की है। इसमें कहा गया है कि सुरक्षा उपायों को तुरंत लागू किया जाए और संबंधित विभागों, उद्योगों तथा निर्माण कंपनियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने मुख्य सचिवों और प्रशासनिक अधिकारियों से कहा है कि कामगारों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्यस्थलों और विश्राम स्थलों को ठंडा रखने के उपाय किए जाएं। कामगारों की नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों, दिहाड़ी श्रमिकों और अस्थायी कामगारों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है, ताकि वे गर्मी और लू के प्रभाव से सुरक्षित रह सकें।
इसी बीच, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी छत्तीसगढ़ सहित 21 राज्यों और दिल्ली को पत्र जारी कर लू के दौरान कमजोर वर्गों की सुरक्षा के लिए अग्रिम कदम उठाने और राहत उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

