प्रदेश के कुल चने का 50 प्रतिशत अकेले खरीदा
Central Samvad रायपुर 07 मई 2026
छत्तीसगढ़ में विश्व की सबसे बड़ी अनाज भंडारण योजना के क्रियान्वयन में धमतरी जिला मॉडल बनकर उभरा है। जिले ने भंडारण व्यवस्था को मजबूत करने के साथ चना खरीदी में भी नया रिकॉर्ड बनाया है।
चार पैक्स समितियों में बनेंगे 2500 मीट्रिक टन के गोदाम
NCCF रायपुर द्वारा जिले की चार प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) — अंवरी, कोसमर्रा, पोटियाडीह (अमदी) और कोलियारी को गोदाम हायरिंग एश्योरेंस लेटर जारी किए गए हैं। यहां 2500-2500 मीट्रिक टन क्षमता वाले आधुनिक गोदाम बनाए जाएंगे।
चना खरीदी में धमतरी सबसे आगे

धमतरी जिले में अब तक 97 हजार क्विंटल चने की खरीदी हो चुकी है। जिले का लक्ष्य 1 लाख क्विंटल रखा गया है और खरीदी लगातार जारी है। प्रदेश में हुई कुल चना खरीदी का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा अकेले धमतरी जिले से दर्ज किया गया है।
योजना से किसानों को मिलेगा लाभ
योजना के तहत एग्रीमेंट और एमओयू की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। अधिकारियों और पैक्स प्रबंधकों की बैठक भी प्रस्तावित है। इस योजना से अनाज की बर्बादी रुकेगी और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा।

भंडारण योजना
भारत सरकार ने 31 मई 2023 को इस योजना की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य गांवों में PACS के माध्यम से भंडारण, प्रोसेसिंग यूनिट और कस्टम हायरिंग सेंटर विकसित करना है। इससे परिवहन लागत कम होगी और खाद्यान्न का सुरक्षित भंडारण संभव हो सकेगा।

