Central Samvad रायपुर, 07 मई 2026।
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कल 8 मई को सभी जिलों में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेशभर में 2300 से अधिक जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे।
सभी धर्म और समुदायों के जोड़े होंगे शामिल
सामूहिक विवाह समारोह में हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध समेत विशेष पिछड़ी जनजातियों के जोड़े अपने-अपने रीति-रिवाजों से विवाह करेंगे। इसे सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विविधता का प्रतीक माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया समानता और सम्मान का उत्सव
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह आयोजन केवल विवाह कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में समानता, सम्मान और एकता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि योजना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित दंपति को 35 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। साथ ही विवाह आयोजन से जुड़ी जरूरी सामग्री और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने सभी जिलों में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवा और सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए हैं।
पहले भी बन चुका है रिकॉर्ड
10 फरवरी 2026 को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह समारोह में 6,412 जोड़े विवाह बंधन में बंधे थे। इस आयोजन का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था।

