Central Samvad रायपुर, 20 मई 2026
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने नगर पालिक निगम रायगढ़ क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रायगढ़ शहर को सुव्यवस्थित, आधुनिक और जनसुविधाओं से समृद्ध बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।वार्ड क्रमांक 28 में विधायक निधि से लगभग 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित साहू समाज सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। वहीं, श्रीराम कॉलोनी स्थित बाल उद्यान के जीर्णोद्धार कार्य का भी शिलान्यास किया गया, जिस पर लगभग 46 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना के तहत लैंडस्केपिंग, पौधरोपण, बच्चों के खेल उपकरण, बैठने की व्यवस्था और विद्युतीकरण जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

इसके अलावा रायगढ़ स्टेडियम के पीछे से श्रीराम कॉलोनी मोड़ तक करीब 37.88 लाख रुपये की लागत से 580 मीटर लंबी नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया गया। मंत्री ने कहा कि इससे क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और बारिश के दौरान होने वाली समस्याओं में राहत मिलेगी।

वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ में सड़क, पुल, तालाब सौंदर्यीकरण, केलो नदी तट विकास, उद्यान निर्माण और ऑक्सीजन जोन जैसी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन नालंदा परिसर युवाओं के लिए आधुनिक अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


