Central Samvad रायपुर, 30 मई 2026
छत्तीसगढ़ में पंजीयन व्यवस्था को तेज, पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में राज्य में स्मार्ट पंजीयन मॉडल लागू किया जा रहा है।

नई व्यवस्था के तहत रजिस्ट्री की प्रक्रिया, जिसमें पहले कई घंटे या कई बार एक-दो दिन लग जाते थे, अब 15 से 20 मिनट में पूरी हो रही है। डिजिटल तकनीक, टोकन सिस्टम और ऑनलाइन सेवाओं के कारण लोगों को लंबी कतारों और अनावश्यक परेशानी से राहत मिली है।

राज्य सरकार ने अगले एक वर्ष में सभी 119 पंजीयन कार्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का लक्ष्य रखा है। पहले चरण में रायपुर, रायगढ़, दुर्ग, बिलासपुर, कुनकुरी, अभनपुर और तिल्दा सहित 10 कार्यालयों को स्मार्ट स्वरूप दिया जा रहा है।

इन कार्यालयों में वेटिंग लाउंज, वातानुकूलित व्यवस्था, निःशुल्क वाई-फाई, मोबाइल चार्जिंग स्टेशन, हेल्प डेस्क, शुद्ध पेयजल और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही व्हाट्सएप नोटिफिकेशन, कैशलेस भुगतान और डिजीलॉकर जैसी डिजिटल सेवाएं भी शुरू की गई हैं।

