Central Samvad रायपुर, 31 मई 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 134वीं कड़ी में छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत को विशेष स्थान मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान का क्षण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जशपुर के युवा धावक अनिमेष कुजूर की उपलब्धि का उल्लेख कर प्रदेश के युवाओं को प्रेरित किया है। अनिमेष ने 100 मीटर दौड़ 10.15 सेकंड में पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है और राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए क्वालीफाई किया है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने बिलासपुर जिले के मल्हार में मिली प्राचीन ताम्र-पट्टिकाओं का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह खोज छत्तीसगढ़ की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रमाण है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय मंच से छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं और धरोहरों का उल्लेख किए जाने से प्रदेशवासियों का आत्मविश्वास बढ़ा है और नई पीढ़ी को प्रेरणा मिली है।

