Central Samvad रायपुर, 31 मई 2026
छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। 1 मई से 30 मई 2026 तक चले इस अभियान के तहत राज्य के सभी जिलों, तहसीलों, गांवों और नगरीय क्षेत्रों में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया गया।
इस दौरान प्रगणकों ने घर-घर जाकर 33 प्रश्नों के आधार पर मकानों, परिवारों, उपलब्ध सुविधाओं और परिसंपत्तियों की जानकारी एकत्र की। सभी आंकड़े मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से संकलित किए गए हैं।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारियां जनगणना अधिनियम 1948 के तहत पूरी तरह गोपनीय रहेंगी और इनका उपयोग केवल नीति निर्माण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए किया जाएगा।
राज्य में इस अभियान के लिए 62 हजार 500 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। जनगणना 2027 का दूसरा चरण, जिसमें जनसंख्या गणना की जाएगी, फरवरी 2027 में आयोजित होगा।

