रायपुर क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण मंडल की सख्त कार्रवाई, वायु गुणवत्ता में भी सुधार
Central Samvad रायपुर, 5 जून 2026
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने बताया कि रायपुर क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जनवरी 2025 से मई 2026 के बीच पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वाले 94 उद्योगों को नोटिस जारी किए गए, जबकि 82 उद्योगों के उत्पादन बंद करने या बिजली कनेक्शन काटने के निर्देश दिए गए।

इस अवधि में 96 उद्योगों पर कुल 2.40 करोड़ रुपये से अधिक की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाई गई। वहीं बिना ढंके कच्चे माल, उत्पाद और अपशिष्ट के परिवहन करने वाले 136 उद्योगों एवं संस्थानों पर 51 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया। फ्लाई ऐश के अनधिकृत परिवहन और डम्पिंग के मामलों में भी दो उद्योगों पर 12 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई।मंडल ने सिंगल-यूज प्लास्टिक के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए कई उद्योगों का उत्पादन बंद कराया और पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाई।

संबंधित मामलों में न्यायालय में परिवाद भी दायर किए गए हैं।इस बीच रायपुर शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है। वर्ष 2024 में शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 65.38 था, जो वर्ष 2025 में घटकर 62.86 हो गया। यानी वायु गुणवत्ता में लगभग 4 प्रतिशत सुधार हुआ है। यह स्तर संतोषजनक श्रेणी में आता है।छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने कहा है कि पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने के लिए निगरानी को और मजबूत बनाया जाएगा।

