Central Samvad रायपुर 08 जून 2026
बलरामपुर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने वाड्रफनगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया।

खनिज अधिकारी राहुल गुलाटी के नेतृत्व में ग्राम कैलाशपुर स्थित मोरन नदी क्षेत्र में अवैध खनन के लिए बनाए गए मार्गों को बंद कर नष्ट किया गया। यह कार्रवाई ग्रामीणों की मौजूदगी में की गई।

प्रशासन का कहना है कि इसका उद्देश्य खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर रोक लगाना और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना है।अभियान के दौरान रेत और पत्थर का अवैध परिवहन करते पाए गए दो ट्रैक्टर जब्त किए गए।

जब्त वाहनों को पुलिस चौकी वाड्रफनगर और थाना बसंतपुर की अभिरक्षा में रखा गया है। संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

