Central Samvad रायपुर 16 जून 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 16 से 27 जून 2026 तक आयोजित होने वाले शाला प्रवेश उत्सव में प्रदेश के सभी जनप्रतिनिधियों से सक्रिय सहभागिता की अपील की है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है तथा यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने मंत्री, सांसद, विधायक, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत अध्यक्षों, महापौरों तथा नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों से अपने क्षेत्र के विद्यालयों में पहुंचकर ऐसे बच्चों की पहचान और नामांकन के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है, जो अब तक स्कूल से नहीं जुड़े हैं या बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भागीदारी इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दे सकती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से बेहतर शिक्षण वातावरण विकसित किया जा रहा है तथा वर्ष 2026 से 150 विवेकानंद विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप सरकारी स्कूलों को आधुनिक और तकनीक-संपन्न बनाया जा रहा है। विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश और बालिकाओं को सरस्वती साइकिल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

