Central Samvad 19 जून 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत 2400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि का वितरण किया। इस योजना का उद्देश्य रोजगार सृजन को बढ़ावा देना, युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाना तथा सामाजिक सुरक्षा का दायरा विस्तारित करना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी में वही देश आगे बढ़ेंगे जो प्रतिभाओं को अवसर देंगे, नवाचार को प्रोत्साहित करेंगे और गुणवत्ता के उच्च मानकों को अपनाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारतीय युवा वैश्विक विकास, नवाचार और उद्यमिता को नई दिशा देने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
श्री मोदी ने कहा कि योजना का उद्देश्य पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को सशक्त बनाना और उद्योग जगत तथा युवाओं के बीच मजबूत सेतु तैयार करना है। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से अब तक लगभग 70 लाख रोजगार सृजित हुए हैं तथा करीब 20 लाख युवा अपनी पहली नौकरी के छह महीने पूरे कर चुके हैं। दो हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के युवाओं की आकांक्षाएं, कौशल और क्षमता ही विकसित भारत की नींव हैं। सरकार का प्रयास है कि हर युवा को उसकी योग्यता के अनुरूप अवसर मिले और वह अपने सपनों को साकार कर सके।इस अवसर पर श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और आर्थिक विकास के साथ रोजगार सृजन की गति भी तेज हुई है।

