रायपुर, 20 जून 2026 Central Samvad
जशपुर वनमण्डल ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए एक ही दिन में 2 लाख से अधिक सीडबॉल का प्रसार और रोपण कर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है।

बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की राज्य प्रमुख श्रीमती सोनल राजेश शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में जशपुर वनमण्डल को आधिकारिक प्रमाण-पत्र प्रदान किया।मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर जशपुर वनमण्डल, वन विभाग और अभियान से जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “बीज गोला बनाबो, जशपुर के जंगल ला बढ़ाबो” अभियान जनभागीदारी और प्रकृति संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण है।जशपुर वनमण्डल द्वारा चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य प्राकृतिक वनस्पतियों का संरक्षण, जैव विविधता को बढ़ावा देना और हरित आवरण में वृद्धि करना है। अभियान में ग्रामीणों, विद्यार्थियों, महिला स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।हजारों लोगों की सहभागिता से एक ही दिन में 2 लाख से अधिक सीडबॉल का प्रसार कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया। इस उपलब्धि से जशपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है तथा यह पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जनभागीदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल बन गया है।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित थे।

