रायपुर, 20 जून 2026 Central Samvad
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि किसानों की समृद्धि ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला है। जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में आयोजित जैविक किसान मेला और प्राकृतिक खेती कार्यशाला को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा बेहतर बाजार व्यवस्था के माध्यम से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरता और मानव स्वास्थ्य प्रभावित होता है। उन्होंने परंपरागत कृषि ज्ञान और आधुनिक तकनीक के समन्वय पर जोर देते हुए नैनो यूरिया और नैनो डीएपी जैसे विकल्पों को किसानों के लिए उपयोगी बताया।

कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि यंत्रों, ड्रोन तकनीक, पशुपालन, मत्स्य पालन और उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी दी गई। ड्रोन के माध्यम से खेतों में दवा छिड़काव का लाइव प्रदर्शन किसानों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया।

जैविक खेती, बड़े आकार के कटहल और आम उत्पादन के लिए किसानों को पुरस्कार प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना के तहत एक कृषक को भूमि पट्टा भी सौंपा।कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन जशपुर और सेमिना एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के बीच औषधीय एवं सुगंधित फसलों के विपणन के लिए महत्वपूर्ण अनुबंध हुआ। इससे किसानों को बेहतर बाजार और अपने उत्पादों का उचित मूल्य मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है तथा 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदने की व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने बताया कि बगिया दाबयुक्त सिंचाई योजना से हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे खेती की तस्वीर बदलेगी।उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं और सुशासन के माध्यम से ग्रामीणों को घर बैठे शासकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल, अटल डिजिटल सेवा केंद्र और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 जैसी पहलें लोगों को त्वरित सेवाएं प्रदान कर रही हैं।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

