रायपुर, 20 जून 2026 Central Samvad
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में विश्वमांगल्य सभा के आयोजन के दौरान संस्था की संयोजिका श्रीमती अंजली देवी ने उपस्थित मातृशक्तियों को नई पीढ़ी संगठन के उद्देश्यों, कार्यपद्धति और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि विश्वमांगल्य सभा एक राष्ट्रव्यापी महिला संगठन है, जो मातृशक्ति के माध्यम से परिवार, समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए कार्य कर रहा है। संगठन का मानना है कि हर मां परिवार, समाज और राष्ट्र की धुरी है तथा उसके संस्कारों से ही आने वाली पीढ़ियों का निर्माण होता है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में परिवार व्यवस्था, सामाजिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना के समक्ष अनेक चुनौतियां हैं। ऐसे समय में बच्चों, युवाओं और परिवारों में राष्ट्रभावना, नैतिक मूल्यों, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास अत्यंत आवश्यक है। विश्वमांगल्य सभा इसी उद्देश्य के साथ बाल सभा, छात्र सभा, सदाचार सभा तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रही है।

श्रीमती अंजली देवी ने सभी माताओं से संगठन से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और संस्कारों से युक्त परिवार ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की नींव हैं। जब परिवारों में संस्कार, सदाचार और राष्ट्रभक्ति का वातावरण विकसित होगा, तभी भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में और अधिक मजबूती से आगे बढ़ सकेगा।

कार्यक्रम में महिलाओं के व्यक्तित्व विकास, परिवार सशक्तिकरण, बाल संस्कार, युवा जागरण और राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित महिलाओं ने संगठन के उद्देश्यों की सराहना करते हुए सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रसार में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
विश्वमांगल्य सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती नलिनी हावरे ने छत्तीसगढ़ में आयोजित इस कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित करते हुए कहा कि मातृशक्ति के माध्यम से संस्कारित समाज निर्माण का यह अभियान देशभर में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनेगा।इस अवसर पर श्रीमती ज्योति रमणा राव सहित एनआईटी परिवार की अनेक महिलाएं उपस्थित थीं।

