दंतेवाड़ा से प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का प्रवेश, सामान्य तिथि से 10–12 दिन की देरी से पहुंचा मानसून
Central Samvad 22j जून रायपुर
छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आखिरकार दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने दंतेवाड़ा जिले से प्रदेश में मानसून के प्रवेश की पुष्टि की है। इसके साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियों के तेज होने की संभावना बढ़ गई है।मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान राज्य के अनेक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है।

मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं, जिसके चलते आने वाले दिनों में यह पूरे प्रदेश में सक्रिय हो सकता है।बारिश की शुरुआत से भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं किसानों के लिए भी यह राहत भरी खबर है, क्योंकि मानसून के सक्रिय होने से खरीफ फसलों की बुवाई का कार्य गति पकड़ सकेगा।मौसम विभाग ने बताया कि इस वर्ष मानसून प्रदेश में सामान्य तिथि की तुलना में लगभग 10 से 12 दिन की देरी से पहुंचा है। इसके बावजूद आने वाले दिनों में अच्छी वर्षा की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने तथा किसानों को मौसम पूर्वानुमान के अनुरूप कृषि कार्य करने की सलाह दी है।

