Central Samvadरायपुर, 1 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मोबाइल नेटवर्क विस्तार, भारतनेट फेज-3, सेवा सेतु पोर्टल और विभिन्न डिजिटल नवाचार परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को एआई के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एआई के माध्यम से शासन-प्रशासन को अधिक पारदर्शी, दक्ष और नागरिक-केंद्रित बनाया जाएगा। साथ ही युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार, स्टार्टअप और नवाचार के नए अवसर भी तैयार होंगे।बैठक में बताया गया कि राज्य में विद्यार्थियों, सरकारी कर्मचारियों और युवाओं के लिए एआई प्रशिक्षण, स्कूलों में एआई जागरूकता कार्यक्रम, रोबोटिक्स क्लब, विश्वविद्यालयों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और आईटीआई में एआई लैब स्थापित करने की योजना है।

सुरक्षित और जिम्मेदार एआई उपयोग के लिए राज्य स्तर पर नीति तैयार करने पर भी चर्चा हुई।समीक्षा के दौरान मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने, भारतनेट फेज-3 के तहत ग्राम पंचायतों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाने तथा सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक सेवाओं को और प्रभावी बनाने की प्रगति का भी आकलन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इन पहलों से प्रदेश में आईटी निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

