Central Samvadरायपुर, 1 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और लोक एवं शास्त्रीय कलाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से संचालनालय संस्कृति एवं राजभाषा ने वर्ष 2026-27 के वार्षिक सांस्कृतिक आयोजनों के लिए कलाकारों और सांस्कृतिक दलों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

इच्छुक कलाकार 15 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।विभाग द्वारा आयोजित पावस प्रसंग, रंगतरंग वाद्ययंत्र संगम, रंगपरब नाट्य श्रृंखला और लोकरंग पर्व के लिए कलाकारों का चयन किया जाएगा।
इन आयोजनों में शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय नृत्य, लोकसंगीत, लोकनृत्य, नाट्य प्रस्तुतियों तथा पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियों को मंच मिलेगा।लोकरंग पर्व के तहत भरथरी, पंडवानी, ढोलामारू, लोरिकचंदा, नाचा, गम्मत, सुआ, करमा, पंथी, बांसगीत, देवारगीत, ददरिया, जसगीत और अन्य पारंपरिक लोकविधाओं से जुड़े कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदन करने वाले कलाकारों और सांस्कृतिक दलों का चिन्हारी पंजीकरण होना आवश्यक है। आवेदन संचालनालय संस्कृति एवं राजभाषा, नवा रायपुर स्थित कार्यालय या विभाग द्वारा निर्धारित ई-मेल के माध्यम से जमा किए जा सकते हैं। विभाग ने प्रदेश के कलाकारों से समय-सीमा के भीतर आवेदन कर इन सांस्कृतिक आयोजनों में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

