Central Samvad, 3 जुलाई 2026
जम्मू-कश्मीर में पवित्र श्री अमरनाथ जी यात्रा शुक्रवार से पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से शुरू हो गई। देशभर से लाखों श्रद्धालु 57 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे। यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी।

करीब 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में श्रद्धालु प्राकृतिक रूप से बनने वाले हिम शिवलिंग के दर्शन कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
यात्रा के पहले दिन श्रद्धालुओं का पहला जत्था अनंतनाग जिले के नुनवान और गांदरबल जिले के बालटाल स्थित आधार शिविरों से रवाना हुआ। इससे पहले जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
पहले जत्थे में कुल 4,822 श्रद्धालु शामिल हैं। इनमें 2,510 श्रद्धालु पहलगाम मार्ग और 2,312 श्रद्धालु बालटाल मार्ग से यात्रा कर रहे हैं।यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए दोनों मार्गों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल, भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं और बचाव दल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

