Central Samvadसक्ती | 3 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सक्ती जिला कार्यालय में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में राज्य एवं जिला स्तर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके भविष्य के लक्ष्य और करियर की योजनाओं की जानकारी ली।

विद्यार्थियों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की इच्छा जताई। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्पण, अनुशासन, नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य तय कर पूरी निष्ठा से उन्हें हासिल करने का संदेश दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधनों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उनका उद्देश्य है कि प्रदेश का हर विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़े और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे। उन्होंने शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना को भी अपनाने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मानित विद्यार्थी केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का गौरव हैं।

उनकी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेंगी और उत्कृष्टता की संस्कृति को मजबूत करेंगी।कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहब, सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

