Central Samvadरायपुर | 3 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और अनुशासित जीवन का आधार है। उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।

राजधानी रायपुर के सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल के पदभार ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने श्री अग्रवाल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में योग आयोग प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार को नई गति देगा और गांव-गांव, विद्यालयों तथा समाज के हर वर्ग तक योग पहुंचाने का कार्य करेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है।

आज 176 से अधिक देशों में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है, जो भारतीय संस्कृति के लिए गर्व का विषय है।उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद एम्स की स्थापना का आग्रह किया गया है। राज्य के लगभग 44 प्रतिशत वन क्षेत्र में औषधीय वनस्पतियों की उपलब्धता को देखते हुए छत्तीसगढ़ भविष्य में आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और वेलनेस पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। विधायक किरण सिंह देव ने भी विश्वास जताया कि योग आयोग प्रदेश के हर गांव और परिवार तक योग पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।कार्यक्रम में कई सांसद, विधायक, निगम-मंडलों के अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, योग साधक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

