Central Samvadरायपुर, 09 जुलाई 2026
रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्राम बेन्द्री में मेसर्स 3-डी इनोवेशन फैक्ट्री में हुए भीषण औद्योगिक हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। हादसे में फेरो एलॉयज डिवीजन के फर्नेस में लांसिंग कार्य के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट होने से तीन श्रमिकों,अरुण पाण्डेय, लाल सिंह और कमल सिंह की मृत्यु हो गई।दुर्घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच के आधार पर व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता, 2020 के तहत कारखाने की सभी विनिर्माण गतिविधियों को अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।

विभाग ने कारखाना प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंध अवधि के दौरान सभी कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन और अन्य देय भुगतान समय पर किए जाएं। विभाग के प्रयासों से कंपनी प्रबंधन ने मृतक तीनों श्रमिकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति जताई है।औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

