रायपुर, 10 जुलाई 2026
बस्तर संभाग मुख्यालय स्थित पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार में आयोजित ‘दीदी के गोठ’ के 12वें संस्करण में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और आजीविका संवर्धन की प्रेरक तस्वीर देखने को मिली। कार्यक्रम में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंची हजारों महिलाओं ने भाग लिया।

इस दौरान लखपति दीदियों की सफलता की कहानियों ने महिलाओं में आत्मविश्वास और स्वरोजगार के प्रति नया उत्साह जगाया।वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर की मातृशक्ति कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए आज समाज में सकारात्मक बदलाव की सशक्त वाहक बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलता है, जब महिलाएं उन्हें अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ती हैं। उन्होंने बताया कि बिहान योजना, मध्याह्न भोजन योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से बस्तर की महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त हो रही हैं।बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि किसी भी समाज का समग्र विकास महिलाओं के सशक्तिकरण पर निर्भर करता है

उन्होंने दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), लखपति दीदी योजना, महतारी वंदन योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल ने कहा कि बस्तर की महिलाएं अब मुर्गीपालन, बकरीपालन, मत्स्यपालन, सब्जी उत्पादन सहित विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़कर परिवार की आय बढ़ा रही हैं और आत्मनिर्भर बन रही हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने भी महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में चपका की श्रीमती नीतू झा, सुलेंगा की श्रीमती सुगनी कश्यप और इरपा की श्रीमती हेमबती नाग सहित कई सफल लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया। उन्हें प्रमाण-पत्र और सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए गए।
वहीं, कोंडागांव जिले की श्रीमती नम्रता पटेल ने बिहान योजना के माध्यम से मिली बैंक लिंकेज और ऋण सहायता से अपने ‘अमृत तुल्य’ चाय एवं नाश्ता कैफे के विस्तार की सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि आज उनके कैफे से प्रतिदिन लगभग पांच हजार रुपये की आय हो रही है।कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आई महिलाओं ने सरकारी योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए।
संवाद, सम्मान और प्रेरणा से भरपूर यह आयोजन महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण तथा आत्मनिर्भर बस्तर के संकल्प को नई मजबूती देने वाला साबित हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहे।

