Central Samvad रायपुर, 13 जुलाई 2026
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने छत्तीसगढ़ में पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से मंजूरी दे दी है। गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में स्थापित होने वाले इन मेडिकल कॉलेजों में 50-50 एमबीबीएस सीटों के साथ प्रदेश में कुल 250 नई सीटों का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे दूरस्थ, आदिवासी और आकांक्षी क्षेत्रों के युवाओं को अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा।
साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और क्षेत्रीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि नए मेडिकल कॉलेज केवल शिक्षा के केंद्र नहीं होंगे, बल्कि अनुसंधान, विशेषज्ञ उपचार और स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना का लगातार विस्तार हो रहा है।

