Central Samvadरायपुर, 16 जुलाई 2026
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और गैर-कृषि आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्व-सहायता समूह की 40 महिलाओं को धान और पैरा (पुआल) आर्ट का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम लाहौद में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को स्थानीय संसाधनों से आकर्षक हस्तशिल्प तैयार कर अतिरिक्त आय का अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रशिक्षण पूर्ण होने पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने प्रतिभागी महिलाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने महिलाओं द्वारा धान और पैरा से तैयार की गई सुंदर कलाकृतियों की सराहना करते हुए उनके हुनर को स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बताया।जिला पंचायत के अनुसार, बिहान टीम के प्रयासों से जिले में गैर-कृषि आजीविका को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं अब पैरा और धान से 3डी पोर्ट्रेट, धार्मिक चित्र और अन्य कलात्मक उत्पाद तैयार कर अपनी आय बढ़ा सकेंगी। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

