Central Samvadनई दिल्ली, 20 जुलाई
सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात कर तीन प्रमुख मांगों वाला ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को बिना किसी प्रतिबंध के रिहा करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने तथा कथित परीक्षा अनियमितताओं के बाद जान गंवाने वाले नीट अभ्यर्थियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की सहायता देने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने उनकी मांगों पर उचित स्तर पर चर्चा कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं होने की बात भी कही गई।
सीजेपी ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक उनका शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा।ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि हाल के वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, देरी और तकनीकी गड़बड़ियों जैसी घटनाओं ने छात्रों का भरोसा कमजोर किया है। पार्टी ने इन मामलों की जवाबदेही तय करने और प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग दोहराई।
दूसरी ओर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने प्रदर्शनकारियों से आंदोलन समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल के साथ सकारात्मक माहौल में चर्चा हुई है और सरकार स्थिति को सामान्य बनाने के लिए संवाद की प्रक्रिया जारी रखेगी।

