Central Samvad नई दिल्ली/रायपुर, 21 जुलाई
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं ने NEET परीक्षा और कथित प्रश्न-पत्र लीक मामले को लेकर आज मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के पास धरना दिया। निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर धरने पर बैठने के कुछ घंटे बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।

तीन घंटे से अधिक समय तक चले घटनाक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह धरना स्थल पर पहुंचे और राहुल गांधी से धरना समाप्त करने को लेकर बातचीत की। हालांकि, इसके कुछ ही देर बाद पुलिस ने राहुल गांधी और उनके साथ धरने में शामिल समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव को वहां से हटाकर पुलिस वाहन में ले जाने का प्रयास किया। राहुल गांधी ने इसका विरोध किया, जिसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर वाहन तक ले गए।

कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा तथा पार्टी के अन्य नेताओं को भी पुलिस ने वहां से हटा दिया। इससे पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रश्न-पत्र लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों के समर्थन में राजधानी में पुलिस कार्रवाई का विरोध करने का आह्वान किया था।
कांग्रेस नेताओं ने युवाओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को उनके भविष्य पर हमला बताते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने और इस मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने की मांग की।
राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मामले में सरकार को जवाब देना होगा।
राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से मार्च करते हुए लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास के निकट पहुंचे थे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई

