Central Samvadनई दिल्ली, 22 जुलाई 2026
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि केंद्र सरकार नीट परीक्षा पेपर लीक मामले पर संसद में नियमों के तहत विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार मानसून सत्र के पहले दिन से ही इस मुद्दे पर बहस चाहती है, लेकिन विपक्ष की ओर से रखी गई शर्तों के कारण चर्चा शुरू नहीं हो पा रही है।

संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार इस विषय पर खुली और लंबी चर्चा के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी बात पूरी तरह रख सकता है, लेकिन चर्चा शुरू होने से पहले शर्तें लगाना उचित नहीं है।इस बीच, संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही नीट पेपर लीक सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण बाधित रही।
वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री आवास के निकट विपक्ष के प्रदर्शन को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए इसकी आलोचना की। भाजपा सांसद डॉ. सतीश पूनिया ने भी कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। दूसरी ओर, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि छात्रों का आंदोलन वास्तविक है और वे व्यवस्था में बदलाव की मांग कर रहे हैं।
उधर, भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि नीट पुनर्परीक्षा मात्र 37 दिनों के भीतर आयोजित की गई और 25 दिनों में परिणाम भी घोषित कर दिए गए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए तकनीक का व्यापक उपयोग किया गया।बांसुरी स्वराज ने यह भी कहा कि पेपर लीक मामले में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और सरकार दोषियों को शीघ्र कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

