Central Samvadरायपुर, 27 जुलाई 2026
नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में जल जीवन मिशन (जेजेएम) 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने की।

बैठक में छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव सहित राज्य के लोकसभा और राज्यसभा सांसद मौजूद रहे।बैठक में छत्तीसगढ़ के विभिन्न संसदीय क्षेत्रों में जल जीवन मिशन की प्रगति, योजनाओं की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं से जुड़ी आवश्यकताओं और सुझावों को साझा किया।केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने, योजनाओं की गति बढ़ाने, कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और केंद्र-राज्य समन्वय के साथ मिशन को सफल बनाने पर जोर दिया।

बैठक में योजनाओं की नियमित निगरानी, समयबद्ध कार्य पूरा करने और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी पर भी चर्चा हुई। सांसदों से जिला स्तरीय बैठकों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा पूर्ण हो चुकी पेयजल योजनाओं के लोकार्पण एवं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण की प्रक्रिया में सहयोग करने का आग्रह किया गया।

इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के अधिकारियों सहित छत्तीसगढ़ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक भी उपस्थित रहे।

