Central Samvadरायपुर, 28 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ में खेलों और खिलाड़ियों के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। राजधानी रायपुर में आयोजित इस कॉन्क्लेव का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने किया।

‘विजन टू विक्ट्री’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के खेल प्रशासक, विशेषज्ञ, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, नामचीन खिलाड़ी और खेल संघों के पदाधिकारी शामिल हुए। कॉन्क्लेव में राज्य में खेल प्रतिभाओं को निखारने, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, खेल अधोसंरचना मजबूत करने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने की रणनीति पर चर्चा की गई।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में खेल अहम भूमिका निभाएगा। खेलों के विकास से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलेंगे और वे मजबूत मानव संसाधन के रूप में तैयार होंगे।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संघों को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।उन्होंने सभी जिलों में खेल संघों को मजबूत बनाने, नियमित गतिविधियां संचालित करने और पारदर्शी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। कॉन्क्लेव में हुई चर्चाओं और सुझावों को राज्य की नई खेल नीति में शामिल करने की बात भी कही गई।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 150 करोड़ रुपए से अधिक की खेल अधोसंरचना परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए राज्य में लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल टीम की कप्तान सुश्री किरण पिस्दा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स खिलाड़ियों के लिए बड़े अवसर हैं। इस कॉन्क्लेव से

खिलाड़ियों को भविष्य की बेहतर तैयारी के लिए दिशा मिलेगी।कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनुजा सलाम, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर श्री राजेश चौहान, ओलंपियन श्री जिन्शन जॉनसन, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव श्री विक्रम सिसोदिया सहित खेल जगत से जुड़े कई लोग उपस्थित रहे।

