Central Samvadनई दिल्ली, 28 जुलाई 2026
साइबर अपराध और खासकर ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों से निपटने के लिए सरकार ने 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ई-ज़ीरो एफआईआर की सुविधा शुरू की है। गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने बताया कि इस व्यवस्था के तहत अब तक 12 हजार से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

गृह राज्य मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों के लिए यह प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया है। इसके तहत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर स्वतः ई-ज़ीरो एफआईआर दर्ज हो जाती है।
दर्ज की गई ई-ज़ीरो एफआईआर को तुरंत संबंधित क्षेत्र के साइबर अपराध पुलिस स्टेशन भेज दिया जाता है। शिकायतकर्ता को इसे नियमित एफआईआर में बदलने के लिए तीन दिनों के भीतर संबंधित पुलिस स्टेशन जाना होगा।सरकार का उद्देश्य साइबर धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना और पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाना है।

