Central Samvadरायपुर, 25 अगस्त 2026
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-12 फेस-2 में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की 119.89 करोड़ रुपए की आवासीय परियोजना का भूमिपूजन किया। परियोजना के तहत HIG और MIG श्रेणी के 348 भवनों का निर्माण किया जाएगा।

बढ़ती मांग को देखते हुए इसी सेक्टर में आगामी चरण में 704 नए फ्लैट भी बनाए जाएंगे।मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नई आवासीय परियोजनाएं मांग के आधार पर ही शुरू की जाएंगी। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड की परियोजनाओं में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नवा रायपुर को देश की प्रमुख ग्रीनफील्ड सिटी के रूप में विकसित करने के लिए आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और अन्य क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है।

मंत्री ने कॉलोनियों का समय पर हैंडओवर सुनिश्चित करने और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पीपल का पौधा रोपा गया। मंत्री ने नागरिकों से पौधों के संरक्षण और अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया।


