Central Samvad 31अगस्त 2026रायपुर
नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 903 हो गई है, जबकि 4,247 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। सभी आठ प्रभावित जिलों में राहत और बचाव अभियान तेजी से जारी है।नेपाल में पांच से अधिक जलविद्युत परियोजनाओं से जुड़े ढांचों में 900 से अधिक श्रमिकों के फंसे होने की आशंका है।

भारत और अन्य देशों के विशेषज्ञों के सहयोग से बचाव दल त्रिशूली-3ए सहित कई जलविद्युत परियोजनाओं से जुड़ी सुरंगों में तलाश अभियान चला रहे हैं। वहीं, तिब्बत में मृतकों की संख्या 16 हो गई है, जबकि 546 लोग अब भी लापता हैं।
भारतीय बचाव दल चिलिमे और लांगटांग स्थित पनबिजली संयंत्रों में नेपाल की सेना के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य कर रहा है। नेपाली सेना के प्रवक्ता राजा राम बसनेट ने बताया कि भारी मात्रा में मलबा जमा होने के कारण सुरंगों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने बाढ़ को विनाशकारी प्राकृतिक आपदा बताया है। करीब 21 हजार सुरक्षाकर्मी राहत और बचाव कार्यों में जुटे हैं। अंतरराष्ट्रीय संस्था रेड क्रॉस के अनुमान के अनुसार, इस आपदा से करीब 90 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

