Central Samvadरायपुर, 30 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर की निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 137वीं कड़ी का श्रवण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचारों और समाजहित के प्रेरक कार्यों को राष्ट्रीय पहचान देने का प्रभावी माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प को लेकर कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में देशवासियों की भागीदारी को राष्ट्रप्रेम की अभिव्यक्ति बताया और स्वच्छता को जन-जन की जिम्मेदारी बनाने पर जोर दिया।मुख्यमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के जरिए महिलाओं को मिल रहे आर्थिक अवसरों का उल्लेख करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त महिलाएं परिवार और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत के मिशन शक्ति सैट से जुड़ने पर प्रदेश के लिए गौरव बताया।उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने बस्तर ओलंपिक, मल्हार के प्राचीन ताम्रपत्रों और काले हिरण संरक्षण सहित छत्तीसगढ़ की कई उपलब्धियों का उल्लेख किया है।

यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है और लोगों को सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करता है।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू एवं पुरंदर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, संतजन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

