Central Samvadरायपुर, 30 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यटन उद्यमियों, संस्थाओं एवं व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान करेगा।

होटल, टूर ऑपरेटर, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म सहित 10 श्रेणियों में एक-एक विजेता का चयन किया जाएगा।
प्रत्येक विजेता को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि और मेमेंटो दिया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 है। इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर ई-मेल से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

पुरस्कारों में पर्यटन सेवाओं की गुणवत्ता, नवाचार, रोजगार सृजन, स्वच्छता, स्थानीय समुदाय की भागीदारी, डिजिटल प्रचार, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने जैसे पहलुओं को महत्व दिया जाएगा।

इसके जरिए छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

