Central Samvad 31अगस्त 20260भिलाई
आर्टकॉम के ‘हर आंगन एक पेड़’ अभियान के तहत महामृत्युंजय उद्यान, न्यू आदर्श नगर में रविवार को पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भीषण बारिश के बावजूद अभियान से जुड़े सदस्य और स्थानीय उद्यान एवं कॉलोनीवासी पौधरोपण के लिए पहुंचे।

इस दौरान अभियान के वरिष्ठ सदस्य सुदीप सनातनी ने करीब चार वर्ष पहले आर्टकॉम द्वारा उद्यान में लगाए गए पौधों का निरीक्षण कराया। उन्होंने बताया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल के चलते वे अब बड़े युवा वृक्षों का रूप ले चुके हैं।

उन्होंने कहा कि इन पौधों को बच्चों की तरह देखभाल कर संरक्षित किया गया, जिसका परिणाम आज दिखाई दे रहा है।संस्था संचालक निशु पाण्डेय ने पौधों की देखभाल करने वाले स्थानीय लोगों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार जताया।उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और ‘हर आंगन एक पेड़’ अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। साथ ही दुर्ग जिले को ‘हरिहर दुर्ग’ बनाने की दिशा में कार्य करने का प्रण लिया गया।कार्यक्रम की खास बात यह रही कि पहले लगाए गए पौधों के लिए इस्तेमाल किए गए लोहे के ट्री गार्ड को दोबारा उपयोग में लाया गया। इन्हीं ट्री गार्ड के माध्यम से नए लगाए गए अल्फा पौधों को भी संरक्षित किया गया।

आयोजकों ने इसे संसाधनों के पुनः उपयोग और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।
कार्यक्रम में महामृत्युंजय उद्यान एवं कॉलोनी की ओर से सुदीप सनातनी, दरबारी लाल देशमुख, संजीव अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, संजय डहरवाल, संजय कुमार शुक्ला, पोषण साहू, आशीष सिंगरौल, गुलशन दिल्लीवार, प्रांजल भारद्वाज और विक्रम सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। आर्टकॉम ‘हर आंगन एक पेड़’ टीम से संरक्षक करमजीत सिंह, रजनीकांत अग्रवाल, अध्यक्ष गुरुनाम सिंह, मेघा कौर, रविन्द्र देवांगन, अमिताभ भट्टाचार्य, सी.पी. सिंह, राम भारद्वाज, भास्कर तिवारी और निशु पाण्डेय सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

