Central Samvadरायपुर, 04 सितंबर 2026
सूरजपुर जिले के ओड़गी थाना क्षेत्र के ग्राम माढर में उफनती नदी के तेज बहाव में फंसे ग्रामीण को जिला प्रशासन और डीडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। ग्रामीण नदी में मछली पकड़ने के दौरान बहाव की चपेट में आ गया था और नदी के बीच चट्टान पर फंस गया था।

जानकारी के अनुसार, ग्राम माढर निवासी अशोक सोनपाकर मछली पकड़ने नदी में गए थे। इसी दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और वे तेज बहाव में बहकर नदी के बीच एक चट्टान पर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही भैयाथान एसडीएम ने जिला प्रशासन को जानकारी दी।जिला सेनानी संजय गुप्ता के निर्देश पर डीडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और विपरीत परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद अशोक सोनपाकर को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।रेस्क्यू अभियान में टीम प्रभारी हवलदार बीरबल गुप्ता सहित आनंद चौबे, धनश्य नेताम, हंसलाल, देवनारायण, त्रिनेत्र सिंह, शिवनारायण सिंह, सिद्धू सिंह, रिकेश कुमार एवं विदेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें।

