Central Samvad रायपुर 15 सितंबर 2026
गुजरात के गांधीनगर में आयोजित 10वें वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम (WCEF 2026) में छत्तीसगढ़ ने सक्रिय सहभागिता की। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा के नेतृत्व में राज्य की टीम ने फोरम में हिस्सा लेकर सर्कुलर इकोनॉमी, संसाधन दक्षता और कचरे को उपयोगी संसाधन में बदलने की आधुनिक तकनीकों पर विशेषज्ञों के साथ चर्चा की।

राज्य शहरी विकास अभिकरण के सीईओ सुमीत अग्रवाल भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।सोनमणि बोरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार शहरी क्षेत्रों में टिकाऊ अपशिष्ट प्रबंधन, संसाधनों के बेहतर उपयोग और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक तकनीक और नवाचार के माध्यम से कचरे का बेहतर प्रबंधन कर उसे उपयोगी संसाधन में बदलने का प्रयास किया जा रहा है।

इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छ और टिकाऊ शहरों के निर्माण को भी गति मिलेगी।फोरम में विभिन्न देशों के नीति-निर्माताओं, उद्योग विशेषज्ञों और तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान संसाधनों के बेहतर उपयोग, टिकाऊ उत्पादन एवं उपभोग और वेस्ट-टू-रिसोर्स जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

छत्तीसगढ़ की टीम ने फोरम में लगाए गए प्रदर्शनी केंद्रों का भी अवलोकन किया। यहां रिसाइक्लिंग, संसाधन रिकवरी, कचरे से उपयोगी उत्पाद बनाने और सर्कुलर बिजनेस मॉडल से जुड़ी नई तकनीकों की जानकारी ली गई। प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के शहरी विकास और अपशिष्ट प्रबंधन के लिए उपयोगी नवाचारों की संभावनाओं को भी समझा।

