Central Samvad रायपुर, 18 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में दीर्घकालिक और एकीकृत अधोसंरचना विकास के लिए समग्र कार्ययोजना तैयार की जाएगी। छत्तीसगढ़ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के संबंध में मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बैठक हुई।

लोक निर्माण विभाग को मिशन का नोडल विभाग बनाया गया है।बैठक में प्रदेश के सड़क, ऊर्जा, जल, सिंचाई, संचार और फाइबर नेटवर्क सहित अन्य आवश्यक अधोसंरचना के विकास पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने सड़क नेटवर्क के लिए आगामी 20 वर्षों का मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें वर्तमान स्थिति, भविष्य की जरूरतों, कनेक्टिविटी और संभावित विकास क्षेत्रों का आकलन कर परियोजनाओं की प्राथमिकता तय की जाएगी।

मुख्य सचिव ने इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट एवं लॉजिस्टिक्स हब की संभावनाओं का अध्ययन करने और सड़क-रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के निर्देश दिए। परियोजनाओं के लिए निजी एवं सार्वजनिक निवेश सहित नए फंडिंग मैकेनिज्म की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
दीर्घकालिक मास्टर प्लान के साथ वार्षिक एक्शन प्लान तैयार होगा, जिसमें कार्यों की प्राथमिकता, संसाधन और समय-सीमा निर्धारित की जाएगी। अधिकारियों के एक्सपोजर विजिट के माध्यम से अन्य राज्यों की आधुनिक अधोसंरचना परियोजनाओं और तकनीकों का अध्ययन भी किया जाएगा।
बैठक में सचिव मुकेश कुमार, अंकित आनंद, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के सीईओ चंदन कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

