Central Samvad रायपुर, 18 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड की होटल, मोटल और रिसॉर्ट सहित विभिन्न पर्यटन इकाइयों को लीज पर देने की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए ‘एक्सप्लोर, इनवेस्ट, ट्रांसफार्म’ थीम पर प्री-एनआईटी कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।

इसमें निवेशकों को लीज और टेंडर प्रक्रिया, सरकारी प्रोत्साहनों, पीपीपी मॉडल तथा डिजिटल तकनीक की जानकारी दी गई।पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने विभिन्न पर्यटन इकाइयों की लोकेशन, सुविधाओं और विकास की संभावनाओं का प्रस्तुतिकरण किया।

पर्यटन एवं संस्कृति सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने कहा कि राज्य में प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। निजी निवेश और बेहतर सुविधाओं से पर्यटन तथा हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र को गति मिल सकती है।

कॉन्फ्रेंस में सिंगल विंडो व्यवस्था, निवेश प्रोत्साहन, पीपीपी मॉडल और डिजिटल पहचान सत्यापन पर भी चर्चा हुई। पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने पर्यटन विकास को स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।

आयोजन का उद्देश्य पर्यटन इकाइयों के बेहतर संचालन, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार और निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।

