Central Samvad रायपुर, 18 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री ने बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जनजातीय संस्कृति और जैव विविधता को पर्यटन की बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति और विकास के साथ इको टूरिज्म की नई संभावनाएं उभर रही हैं।

उन्होंने कल मीडिया से बस्तर की सकारात्मक कहानियों को देश-दुनिया तक पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि उसकी पहचान नक्सलवाद के बजाय प्रकृति, संस्कृति, पर्यटन और विकास के रूप में बने।उन्होंने कहा कि पर्यटन के विस्तार से होटल, होम-स्टे, परिवहन, स्थानीय खान-पान, हस्तशिल्प और गाइड सेवाओं में रोजगार व स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

स्थानीय युवाओं और महिलाओं के साथ हस्तशिल्प, वनोपज और स्थानीय उत्पादों को भी इसका लाभ मिलेगा।मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति, 3500 किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों और विकसित हो रहे रेल नेटवर्क को निवेश व लॉजिस्टिक्स के लिए महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग, बिजली, आईटी, स्टील, टेक्सटाइल, फार्मा और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों को प्रोत्साहन दे रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

