Central Samvad रायपुर, 19 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री ओपी चौधरी की पहल से रायगढ़ के पंजीयन कार्यालय को सेवा संकल्प अभियान के तहत मॉडल पंजीयन कार्यालय के रूप में विकसित किया गया है। यहां पंजीयन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए हेल्प डेस्क, दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच, टोकन आधारित कतार प्रबंधन और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

कार्यालय में प्रतिदिन औसतन 64 नागरिकों को सेवा मिल रही है और करीब 16 दस्तावेजों का पंजीयन हो रहा है। नागरिकों का औसत प्रतीक्षा समय 15.33 मिनट दर्ज किया गया है। कार्यालय में वातानुकूलित प्रतीक्षालय, चार्जिंग स्टेशन, स्वच्छ पेयजल और वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए विशेष सहायता की व्यवस्था की गई है।

पंजीयन प्रक्रिया को नौ चरणों में व्यवस्थित किया गया है, जिसमें हेल्प डेस्क से मार्गदर्शन, दस्तावेज प्री-चेक, टोकन, पंजीयन, कैशलेस भुगतान और दस्तावेजों की जानकारी शामिल है।

नागरिक क्यूआर कोड के माध्यम से अपने सुझाव और अनुभव भी साझा कर सकते हैं। मजबूत आईटी अधोसंरचना और संवेदनशील कार्यसंस्कृति के माध्यम से कार्यालय में नागरिकों के समय और सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है।


