Central Samvad रायपुर, 23 सितंबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सामाजिक सहभागिता और समरसता को बढ़ावा देने के लिए ‘नेवता भोज’ का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में आयोजित इस सामूहिक भोज में बैगा पुजारी, ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी एक साथ बैठे और भोजन किया।

आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर एवं कार्यशाला में शामिल लोगों ने भी नेवता भोज में सहभागिता की। सभी वर्गों के लोगों के एक साथ बैठकर भोजन करने से समानता, अपनत्व और सामाजिक एकजुटता का संदेश सामने आया।

कार्यक्रम में विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, बैगा पुजारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

नेवता भोज में विभिन्न वर्गों की सहभागिता ने आपसी संवाद और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने का संदेश दिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह पहल सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई।

