Central Samvad रायपुर, 23 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ सरकार रायपुर के अटारी स्थित प्रसिद्ध नंदनवन को पीपीपी मॉडल के तहत नए स्वरूप में विकसित करने की तैयारी कर रही है। करीब 50 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का उद्देश्य नंदनवन को आधुनिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।

मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई उच्च स्तरीय बैठक में नंदनवन पुनर्विकास की प्रस्तावित परियोजना का प्रस्तुतिकरण किया गया। नंदनवन पीपीपी समिति ने परियोजना को मंजूरी दी।

बैठक में नंदनवन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और इसे पर्यावरण एवं पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर चर्चा हुई।पुनर्विकास योजना के तहत बॉटनिकल गार्डन को प्राकृतिक संतुलन और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नए सिरे से विकसित किया जाएगा।
पर्यटकों के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वच्छ सुविधाएं और बेहतर पर्यटन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बच्चों और परिवारों के लिए नए आकर्षण और मनोरंजक गतिविधियां भी जोड़ी जाएंगी।सरकार का कहना है कि नंदनवन का पुनर्विकास प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक जन-सुविधाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगा। इससे स्थानीय और बाहर से आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलने के साथ राज्य में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

