Central Samvad रायपुर, 19 मई 2026
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बस्तर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने देश के नक्सलमुक्त होने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।श्री शाह ने कहा कि यह खुशी की बात है कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक बस्तर में आयोजित हो रही है और बैठक से पहले ही पूरा बस्तर नक्सलमुक्त हो चुका है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों ने “Whole of the Government Approach” के तहत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास पहुंचाने का काम किया है।उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक नक्सलमुक्त क्षेत्रों को विकास के मामले में देश के अन्य क्षेत्रों के बराबर नहीं लाया जाएगा, तब तक यह लड़ाई समाप्त नहीं मानी जाएगी।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मध्य क्षेत्र के राज्यों और केंद्र के बीच अब कोई बड़ा विवाद शेष नहीं है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में क्षेत्रीय परिषद की बैठकें संवाद और समाधान का प्रभावी मंच बनी हैं।श्री शाह ने सभी राज्यों से कुपोषण, स्कूल ड्रॉपआउट, खाद्य मिलावट और महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ अपराधों पर सख्ती से काम करने का आह्वान किया।

उन्होंने POCSO और दुष्कर्म मामलों में शत-प्रतिशत दोषसिद्धि दर सुनिश्चित करने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए विशेष अदालतों के गठन की जरूरत है। साथ ही राज्यों से साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन 1930 के कॉल सेंटर को मजबूत करने को भी कहा।अमित शाह ने कहा कि जिस तरह देश को नक्सलवाद से मुक्त किया गया है, उसी तरह वर्ष 2029 से पहले हर आपराधिक मुकदमे को सुप्रीम कोर्ट तक तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने का लक्ष्य भी पूरा किया जाएगा।

