डेटा आधारित नीति निर्माण और विभागीय समन्वय पर जोर, ‘बस्तर अंजोर’ से आदिवासी विकास को मिलेगी नई गति
Central Samvad रायपुर, 10 जून 2026
छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘अंजोर विजन-2047’ के माध्यम से छत्तीसगढ़ को विकसित राज्यों की अग्रिम पंक्ति में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

नवा रायपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाने से नहीं, बल्कि विभागों के बेहतर समन्वय, सटीक आंकड़ों पर आधारित नीति निर्माण और प्रभावी क्रियान्वयन से हासिल होगा।उन्होंने बताया कि अंजोर विजन-2047 राज्य के दीर्घकालिक विकास का रोडमैप है, जिसमें आर्थिक विकास, सुशासन, सामाजिक प्रगति, निवेश, रोजगार और मानव विकास से जुड़े स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य का उद्देश्य केवल सूचकांकों में सुधार करना नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना है। कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि राज्य नीति आयोग के अंतर्गत गठित विभिन्न इकाइयां विभागों के साथ मिलकर निगरानी, मूल्यांकन और नीति विश्लेषण के माध्यम से विकास कार्यों को गति देंगी।
श्री मिश्रा ने बस्तर के विकास को राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि ‘बस्तर अंजोर’ पहल के तहत नवाचारों के माध्यम से बस्तर को देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सुशासन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) और राज्य नीति आयोग के संयुक्त प्रयासों से अंजोर विजन-2047 के लक्ष्य समय पर हासिल किए जा सकेंगे।

