Central Samvad 10 जून 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारत मंडपम में आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्ष जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास के लिए स्वर्णकाल साबित हुए हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और प्रभावी रणनीति के कारण छत्तीसगढ़ को लंबे समय से चली आ रही नक्सल समस्या से बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि नक्सल हिंसा से प्रभावित आदिवासी क्षेत्र अब शांति, सुरक्षा और विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं। बस्तर में विभिन्न योजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन किया जा रहा है और सुरक्षा शिविरों को सेवा केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी पहलों ने आदिवासी क्षेत्रों के विकास को नई दिशा दी है।
देश को पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मिलने को भी उन्होंने जनजातीय समाज के सम्मान का प्रतीक बताया।मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों तक सड़क, बिजली, पेयजल और आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंच रही हैं। वहीं बस्तर में सड़क, रेल और परिवहन सुविधाओं के विस्तार से कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए ट्राइबल म्यूजियम, जनजातीय संग्रहालय, बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है। साथ ही पेसा कानून, लघु वनोपज खरीदी और कृषक उन्नति योजना जैसी पहलें ग्रामीण और जनजातीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आदिवासियों को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि देश के विकास का सहभागी बनाया है। राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

