Central Samvad रायपुर 13 सितंबर 2026
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना कवर्धा में 28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों को 30 रुपए प्रति किलो की रियायती दर पर 50 किलो शक्कर वितरण का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया।

किसानों को लगातार तीसरे वर्ष रियायती दर पर शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव शक्कर कारखाना किसानों का अपना कारखाना है और इसकी सफलता किसानों की मेहनत और सहभागिता का परिणाम है।

कारखाने ने वर्ष 2024-25 और 2025-26 में देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल कर राष्ट्रीय स्तर का एफिशिएंसी अवार्ड प्राप्त किया है।इस वर्ष 4 हजार 686 नए किसानों को शेयरधारी बनाया गया है, जिससे शेयरधारी किसानों की संख्या लगभग 28 हजार हो गई है। पिछले वर्ष कारखाने में 2 लाख 55 हजार मीट्रिक टन गन्ने की पेराई हुई थी। इस वर्ष 4 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई और 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध का लक्ष्य रखा गया है।

उप मुख्यमंत्री ने किसानों की सुविधा के लिए शक्कर कारखाना परिसर में डोम निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कारखाने से जुड़ने और गन्ना अनुबंध करने की अपील की।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कवर्धा के किसानों की मेहनत ने छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि सरकार गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं देने और बोनस बढ़ाने के लिए प्रयास करेगी।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कारखाना कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

